अभिभावकों को सरकारी स्कूल में दाखिले के लिए जागरूक करतीं मुख्याध्यापिका संतोष कुमारी।
- फोटो : Rewari
सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए शिक्षकों ने कमर कस ली है। इसके लिए गुरुजन गांव के घर-घर जाकर अभिभावकों को विद्यालय की उपलब्धि बताकर अभिभावकों को जागरूक करेंगे। अभियान के तहत विद्यालय स्टाफ द्वारा अभिभावकों के घर-घर जाकर विद्यालय में दी जाने वाली सुविधाएं एवं स्टाफ विवरण के साथ-साथ पिछले साल की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देंगे।
वीरवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालय राजपुरा ईस्तमुरार की मुख्य अध्यापिका संतोष कुमारी के नेतृत्व में अध्यापक राजनारायण, पूनम देवी, सुशील कुमार, सविता कुमारी व रविन्द्र ने गांव डोर-टू-डोर अभियान चलाकर विद्यार्थियों का सरकारी स्कूल में दाखिला कराने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अध्यापिका संतोष कुमारी ने बताया कि अभियान के तहत गांव माखरिया, ढाणी सांतो, राजपुरा आदि गांवों में जाकर अभिभावकों से मुलाकात की। उन्होंने अभिभावकों को बताया कि निजी स्कूलों में दाखिलों के नाम पर भारी लूट हो रही है। वहीं सरकारी विद्यालयों में योग्य स्टाफ, पुस्तकालय, पार्क, ईको क्लब, किचन गार्डन, आरओ वाटर, मिड-डे मील में गुणवत्ता युक्त भोजन व खेल मैदान आदि सभी सुविधाएं हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा विद्यालय हर दृष्टि से अव्वल है। उन्होंने बताया कि डोर-टू-डोर अभियान चलाकर आसपास के गांवों में अभिभावकों को प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान गांवों में अभिभावकों ने स्टाफ को सरकारी स्कूलों में दाखिले के लिए आश्वासन दिया।