संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के कंकरवाली रोड स्थित यादव वाटिका में अखिल भारतवर्षीय जोगी नाथ महासभा की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि विधायक लक्ष्मण सिंह यादव रहे। अध्यक्षता महासभा के जिला प्रधान रामनिवास जोगी ने की।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महासभा के राष्ट्रीय संयोजक अनूप जोगी, सुनील योगी व जिला पार्षद प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह रहे। यह कार्यक्रम यूपीएससी में 209वीं रैंक हासिल करने वाले पंकज योगी के सम्मान में हुआ। समाज के पदाधिकारियों और विधायक लक्ष्मण यादव ने पंकज योगी का फूल मालाओं व पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान 10वीं व 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों के साथ ही अन्य प्रतिभाओं का भी सम्मान किया गया। इस दौरान रेवाड़ी के अतिरिक्त महेंद्रगढ़, भिवानी, दादरी, सोनीपत, झज्जर के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
विधायक ने कहा कि एक प्रतिभाशाली युवा अन्य युवाओं को नई दिशा देने का काम करता है। पंकज ने यूपीएससी उत्तीर्ण कर समाज को गौरवान्वित किया है। मूलरूप से नूंह जिला के गांव उजीना निवासी पंकज योगी ने आभार जताते हुए सफलता का श्रेय अपने पिता टेकचंद योगी के साथ ही मां व पत्नी के सहयोग को दिया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. सतीश जोगी ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर राजू जोगी बेनीवाली, मास्टर विजय योगी, मुकेश धारूहेड़ा, जलदीप पाल्हावास, जगमाल योगी गिंदोखर, ब्रह्म प्रकाश, राम अवतार बव्वा, रमेश योगी, सुरेंद्र सिंह, राजकुमार काठूवास, मनीराम मास्टर, जेपी भाटिया मौजूद रहे।