रेवाड़ी। बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते डीसी राहुल हुड्डा। स्त्रोत : डीपीआरओ
रेवाड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा वीरवार को आदर्श आचार संहिता के पालन के लिए संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सी-विजिल एप (सीटीजन विजिल) पर आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए 100 मिनट के अंदर उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करवाना सुनिश्चित करें। निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में नगर परिषद, नगर पालिका और ग्रामीण क्षेत्रों में डीडीपीओ व बीडीपीओ इस कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करें।
डीसी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में ढंग से सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी ड्यूटी निभाएं। उन्होंने एआरओज को निर्देश दिए कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में नियमित दौरा करें। जहां कहीं भी किसी भी रूप से आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन दिखे उसका निपटान करें। बैठक में एडीसी एवं नोडल अधिकारी स्वीप अनुपमा अंजलि, एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी 74-रेवाड़ी विकास यादव, एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी 73-कोसली उदय सिंह, सीटीएम लोकेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।