रेवाड़ी। डिग्री मिलने के बाद खुशी जाहिर करती छात्राएं। स्त्रोत : कालेज
रेवाड़ी। सेक्टर-18 स्थित प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले राजकीय कन्या महाविद्यालय का पांचवां दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय से संबंध होने के बाद यह इस महाविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह था। इस दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर के कुलपति प्रोफेसर जय प्रकाश यादव ने शिरकत की। दीप जलाकर और प्रातः वंदना के बाद प्राचार्या ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
उन्होंने मुख्य अतिथि के व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं का जिक्र करते हुए छात्राओं को इससे प्रेरणा लेने की नसीहत दी। डॉ. ज्योति यादव ने कुलपति से प्राप्त अधिकार के अंतर्गत छात्राओं को उपाधि प्रदान की। निर्दिष्ट परिधान धारण करने की अनुमति प्रदान की। इस दीक्षांत समारोह में कुल 509 स्नातकों को उपाधि प्रदान की गई। इसमें 155 वाणिज्य स्नातक 192 कला स्नातक व 162 विज्ञान स्नातक थे।
मुख्य अतिथि कुलपति ने छात्राओं को समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद व पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के विचारों से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। राष्ट्रगान के साथ पांचवें दीक्षांत समारोह का समापन हुआ। इस दीक्षांत समारोह में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहे।