रेवाड़ी। शहीद दशरथ राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पीथड़ावास में शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में मिशन बुनियाद की परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
प्राचार्य अजय कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद दशरथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण और मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
हरियाणा शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित मिशन बुनियाद लेवल-2 परीक्षा के घोषित परिणाम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्रा हिमांशी, छवि, मुस्कान, बिबिका यादव, निभा, रिया, प्रियंका तथा छात्र आयुष, गुलशन, तरुण, डेविड और देव ने परीक्षा उत्तीर्ण की।
विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए छात्रा हिमांशी ने जिला स्तर पर दूसरा स्थान तथा राज्य स्तर पर नौवां स्थान प्राप्त किया। विद्यालय ने भी जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत पीथड़ावास और विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह, दीवार घड़ी, नोटबुक और पेन देकर सम्मानित किया गया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान रघुराज उर्फ चंचल, सरपंच राधेश्याम सहित ग्राम पंचायत सदस्य, अभिभावक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।