फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: अगले माह बसों से स्कूल आएंगे छात्र-छात्राएं

Mon, 06 May 2024 12:48 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
रेवाड़ी। जिला शिक्षा अधिकारी का कार्यालय। फाइल फोटो
विज्ञापन
रेवाड़ी। विद्यार्थी परिवहन सुरक्षा योजना के तहत छात्र-छात्राएं अब जून से बस से स्कूल आएंगे और घर जाएंगे। इसकी कवायद की जा रही है। योजना को लेकर पिछले दिनों पहले विभाग की बैठक हुई थी। अब निदेशालय की ओर से पत्र जारी कर बताया गया है कि निशुल्क परिवहन का लाभ लेने वाले छात्र-छात्राओ की दूरी सहित रूट का डाटा अपलोड किया जाएगा।
विज्ञापन

बताया जाता है कि इसमें रूट, लाभार्थियों की संख्या का सत्यापन, भुगतान एवं वाहन आदि की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा पोर्टल पर विद्यार्थियों का डाटा अपलोड किया जाएगा। इसमें बस नंबर, बच्चों की संख्या आदि ब्योरा दिया जाएगा। इस पोर्टल के तहत कार्य जिला नोडल ट्रांसपोर्ट अधिकारी (जिला शिक्षा ) और खंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी करेंगे। विद्यालय स्तर पर भी विद्यालय नोडल ट्रांसपोर्ट नियुक्त किए गए जाएंगे। यात्रा के दौरान ड्राइवर, कंडक्टर की शिकायत भी विद्यार्थी या अभिभावक कर सकेंगे। इसके लिए स्पेशल शिकायत की व्यवस्था की जाएगी।
दूसरी और विभाग को फिट वाहन व प्रशिक्षित ड्राइवर नहीं मिल पा रहे हैं। इससे परिवहन सुरक्षा नियमों को पूरे न करने वाले वाहनों या चालकों को विभाग भर्ती नहीं कर रहा है। इस योजना के लिए जिले को 21.33 लाख का बजट मिला था, लेकिन वह बजट विभाग के खाते में ही है। वाहनों की शुरुआत न होने के कारण बजट उपयोग में नहीं आ सका। इस योजना के अंतर्गत जाटूसाना को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चुना था। जहां 30 राजकीय स्कूलों के 77 रूटों पर 86 वाहन चलाने की योजना थी, लेकिन प्रशिक्षित चालक और फिट वाहन न मिलने से योजना अभी शुरू नहीं हो सकी है।
विज्ञापन



इंसेट


विभाग की ओर से बस चलाई जाएंगी

बता दें कि इस योजना में पहली से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल किए गए हैं। सभी 30 स्कूलों में से 1956 विद्यार्थियों को वाहन सुविधा के लिए चयनित किया गया है। इसमें कक्षा 1 से 8 तक के 595 और कक्षा 9 से 12 तक के 1356 विद्यार्थी शामिल हैं। विभाग की ओर से बताया गया है कि जिन रास्तों पर विद्यार्थियों की संख्या 20 या उससे अधिक होगी, वहां विभाग की ओर से मिनी बस या बड़ी बस चलाई जाएंगी।


इंसेट
22 गांवों के 30 स्कूलों में चलेंगे वाहन

योजना से 22 गांवों के 30 स्कूलों में वाहन चलाने की योजना है। इनमें कन्हौरी, बेरली खुर्द, मस्तापुर, करावरा मानकपुर, सुम्माखेड़ा, बोड़िया कमालपुर, कंवाली, रोहड़ाई, गुरावड़ा, मोतला कलां, दहलावास गुलाबपुरा, गोठड़ा टप्पा डहीना, दड़ौली, आसियाकी गौरावास, नांगल पठानी, पाल्हावास, मुसेपुर, बेरली कलां, दखौरा, ढोकिया, कुतुबपुरी बुजुर्ग व मांढैया खुर्द गांव शामिल है।
-
वर्जन
विद्यार्थी परिवहन सुरक्षा योजना पर कार्य किया जा रहा है। फिट वाहन और प्रशिक्षित चालक ढूंढ़ने में परेशानी हो रही है, क्योंकि शिक्षा विभाग उनकी योग्यता को लेकर सख्त है। आगे की प्रक्रिया जारी है। जून में योजना शुरू करने की तैयारी की जा रही है।- कपिल पूनिया, डीईईओ रेवाड़ी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें