संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह के तहत जिले के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थी अब जल संरक्षण की दिशा में कार्य करेंगे। राजकीय स्कूलों में पानी को बचाने के लिए विद्यार्थी नए आविष्कार करेंगे। पूरी गतिविधियां स्कूल के विज्ञान अध्यापक की देखरेख में कराई जाएंगी। विभाग की ओर से हर खंड से तीन-तीन स्कूलों का चयन किया गया है।
कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी कपिल पूनिया के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा। जिला विज्ञान विशेषज्ञ रेनू यादव कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी होंगी। कार्यक्रम में कक्षा छठी से 12वीं तक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह के तहत खंड रेवाड़ी में पीएश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिठवाना, राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीकानेर व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हांसाका का चयन किया गया है। इसी प्रकार बावल खंड में पीएश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बावल, राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नांगल तेजू व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संगवाड़ी, जाटूसाना खंड में पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ मा. स्कूल पाल्हवास, राजकीय वरिष्ठ मा. स्कूल देहलावास गुलाबपुरा, राजकीय वरिष्ठ मा. स्कूल बोड़िया कमालपुर का चयन किया गया है। नाहड़ खंड में राजकीय माॅडल संस्कृति वरिष्ठ मा. स्कूल गुड़ियानी का चयन किया गया है।
पहले प्रथम चरण में पौधे लगाने के लिए अभियान चलाया गया था, जिसका असर बड़े स्तर पर देखा गया है। विद्यार्थियों पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक प्रभाव नजर आया है। अब पानी को बचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित होगा। इससे विद्यार्थियों की समझ भी विकसित होगी और काफी लाभ होगा।
वर्जन
राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह के तहत विभिन्न खंडों से तीन-तीन स्कूलों का चयन किया गया है। विद्यार्थी नए-नए इनोवेशन से पानी बचाव का समाधान बताएंगे। -कपिल पूनिया, जिला शिक्षा अधिकारी रेवाड़ी ।