ओरिएंटेशन कार्यक्रम में भाग लेते कॉलेज प्रशासन व अन्य। स्रोत : कॉलेज
रेवाड़ी। केएलपी कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराने के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम नवदीक्षा का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय प्रबंधकारिणी के अध्यक्ष रिपुदमन गुप्ता ने विद्यार्थियों को भविष्य की योजना पर शुरुआत से ही काम करने और अनुशासन अपनाने का संदेश दिया। कोषाध्यक्ष उषा रुस्तगी ने अध्ययन, अन्वेषण, विकास और सफलता को विद्यार्थी जीवन का आधार बताया।
मुख्य अतिथि मोटिवेशनल स्पीकर त्रिलोकचंद शर्मा ने विद्यार्थियों को सही-गलत में अंतर समझने और मजबूत चरित्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना है।
प्राचार्या प्रो. कविता गुप्ता ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की परंपराओं और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एनएसएस, एनसीसी, यूथ रेड क्रॉस, इको क्लब, रोड सेफ्टी क्लब, रेड रिबन क्लब, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, इंटर्नशिप, माय भारत पोर्टल और छात्रवृत्ति योजनाओं से अवगत कराया गया।
डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से कॉलेज की उपलब्धियां भी दिखाई गईं। अंत में आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. अनुराधा दीपक ने सभी का आभार जताया।