जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेते विद्यार्थी। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। नशा मुक्ति टीम ने शुक्रवार को सरकारी स्कूल छुरिवास व कमालपुर में विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। निरीक्षक रामपाल ने कहा कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर पढ़ाई, खेल और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशा शरीर ही नहीं, बल्कि जीवन और समाज के लिए जहर है। आज के विद्यार्थी ही कल का भविष्य हैं, इसलिए नशामुक्त और स्वस्थ रहना ही देश की सुरक्षा व प्रगति की गारंटी है।
नशा मुक्ति टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के खतरों से अवगत कराया। विद्यार्थियों को यातायात नियमों की भी जानकारी दी गई। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
बताया गया कि हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग और यातायात संकेतों का पालन सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दें।
उन्होंने कहा कि यदि आपके संज्ञान में कोई व्यक्ति नशा करता है या नशा बेचता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। इसके अलावा नशा गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 1933 पर करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।