एक दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में योगाभ्यास करते विद्यार्थी। स्रोत : संस्था
- फोटो : व्यापार मंडल के युवा एवं महिला व्यापारी सम्मेलन में मौजूद प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद बिहारी मिश्रा,राज्य महिला आयोग की सदस्य बबिता चौहान व अन्य पदाधिकारी। स्रोत स्वयं
रेवाड़ी। भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा की ओर से कालाका रोड स्थित विवेकानंद कौशल विकास केंद्र में आयोजित योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी दयाराम आर्य और सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक एवं वरिष्ठ योग शिक्षक समय सिंह ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान और सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को योग के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मन शांत होता है और एकाग्रता व आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अनुशासित, तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन अपनाएं।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष निकुंज अग्रवाल ने दोनों योग प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में योग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। परिषद भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।
कार्यक्रम में केंद्र संचालिका प्रवीण मेहता, अंकित गुप्ता, सरिता और सुरेंद्र अरोड़ा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।