संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। बलिदान हरलाल पीएम श्री राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोडिया कमालपुर के विद्यार्थियों ने व्यवसायिक शिक्षा का अनुभव कार्यक्रम के तहत तकनीकी संस्थान लिसाना का शैक्षणिक भ्रमण सोमवार को किया।
इस भ्रमण में कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। दल का नेतृत्व कार्यक्रम प्रभारी अध्यापक नरेंद्र सिंह तथा अंग्रेजी अध्यापिका सुशीला देवी ने किया।
तकनीकी संस्थान में धर्मपाल ने विद्यार्थियों को कार इंजन और एयर कंडीशन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इलेक्ट्रॉनिक लैब इंचार्ज ने विभिन्न विद्युत उपकरणों की कार्यप्रणाली समझाई।
कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग में पंकज यादव ने आईटी तथा गूगल से संबंधित जानकारियां साझा कीं। एमएलटी लैब में स्नेहलता और टीना रानी ने विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक जानकारी प्रदान की।
भ्रमण के दौरान कॉलेज प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को जलपान भी कराया गया। कॉलेज के प्रधानाचार्य सुखबीर सिंह ने विद्यार्थियों को पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रवेश संबंधी नियमों और संभावनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
भ्रमण से विद्यार्थियों को न केवल तकनीकी ज्ञान प्राप्त हुआ, बल्कि उनके भीतर विज्ञान और तकनीकी विषयों के प्रति जिज्ञासा भी बढ़ी।