रेवाड़ी। आई लव रेवाड़ी मुहिम के तहत विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की अगुवाई में शनिवार को शहर के मॉडल टाउन में मेगा सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रैली निकाल कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
विधायक ने स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत शहर भर में लोगों को जागरूक करने के लिए चार ई-रिक्शा को भी रवाना किया। इस दौरान मॉडल टाउन मार्केट एसोसिएशन की ओर से सभी दुकानदारों को डस्टबिन वितरित किए गए। अभियान से पूर्व विधायक ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमाओं तथा शिव चौक पर भगवान भोलेनाथ की मूर्ति पर पुष्प भी अर्पित किए। रेवाड़ी विधायक ने कहा यह अब तक का सबसे बड़ा सफाई अभियान है। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि रेवाड़ी की बदहाली के जिम्मेदार लोगों को यह अभियान रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी को आदर्श शहर बनाने के लिए सभी को योगदान जरूरी है। इस मौके पर शहर के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी तथा इस मुहिम से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।