जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में भाग लेते बच्चे। स्रोत : स्कूल
बावल। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बावल में जिलास्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता प्राचार्य प्रदीप कुमार ने की। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक जागरूकता, वाद-विवाद क्षमता और नेतृत्व के गुणों का विकास करना रहा।
कार्यक्रम में 51 विद्यार्थियों ने करीब एक घंटे तक संसद की कार्रवाई का जीवंत मंचन किया। विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका प्रभावी ढंग से निभाई। शोक संदेश और औपचारिकताओं के बाद प्रश्नकाल एवं शून्यकाल में विपक्ष ने नशा मुक्त भारत, महंगाई, वृक्षों की कटाई से बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण, बेरोजगारी और लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरा।
निर्णायक मंडल में डायट के सुदेश कुमार, डॉ. नरेन और डॉ. सुरेंद्र के अलावा एसएमसी प्रधान लक्ष्मी उपस्थित रहीं। प्राचार्य ने निर्णायक मंडल के सदस्यों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन, तर्क क्षमता और नेतृत्व कौशल की सराहना की।
प्राचार्य प्रदीप कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को राजनीति और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी मिलती है तथा उनमें जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए राजनीति विज्ञान प्रवक्ता कमलेश कुमारी, हिंदी प्रवक्ता अन्नू और विद्यालय के समस्त स्टाफ का आभार जताया।