योग सत्र में योग सिखते विद्यार्थी। स्रोत : कॉलेज
धारूहेड़ा। राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में योग क्लब के तत्वावधान में विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या दयावती के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को योग और व्यायाम को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
सत्र के दौरान डॉ. भारत भूषण ने विद्यार्थियों को विभिन्न वार्म-अप एवं स्ट्रेचिंग अभ्यास करवाए। उन्होंने योगाभ्यास से पहले शरीर को तैयार करने और मांसपेशियों में लचीलापन बनाए रखने के लिए वार्म-अप के महत्व की जानकारी दी।
इसके बाद योग क्लब प्रभारी डॉ. मोनू ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं अन्य योगाभ्यास करवाए। उन्होंने योग के सही तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक है।
योग सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न अभ्यासों को अनुशासन के साथ किया। इस अवसर पर प्रीता कुमारी, डॉ. हरिप्रकाश एवं डॉ. भारत भूषण सहित महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
योग क्लब की ओर से विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास एवं शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।