प्रतियोगिता के दौरान एकजुट विद्यार्थी व स्टाफ। स्रोत : कॉलेज
कोसली। राजकीय महाविद्यालय नाहड़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत सड़क सुरक्षा विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के जरिये सुरक्षित सफर का संदेश दिया। पोस्टरों के माध्यम से वाहन चलाते समय शराब का सेवन नहीं करने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचने और पैदल सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने की अपील की गई। कविता और ज्योति के पोस्टरों को उनकी उत्कृष्ट कला और प्रभावी संदेश के आधार पर सर्वश्रेष्ठ चुना गया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रभारी डॉ. प्रियंका कुमारी एवं अनिकेत के दिशा-निर्देशन में हुआ। इस अवसर पर सुषमा यादव ने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों को केवल कागजों और पोस्टरों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि दैनिक जीवन में भी उनका पालन करना जरूरी है। यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी बरतकर अनमोल मानव जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के आयोजन में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान पंकज कुमार, सुषमा, सुमन, डॉ. अनीता देवी, प्रमिला, कवि कुमार और प्रेम सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।