फोटो : विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित करते हुए अधिकारी और अतिथि।स्रोत: स्कूल
रेवाड़ी। गांव सीहा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को मासिक प्रतिभा प्रोत्साहन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग सवा सौ विद्यार्थियों, एक दर्जन शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला उप वन-संरक्षक दीपक प्रभाकर पाटिल रहे। विद्यालय के सांस्कृतिक क्लब की मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। ग्राम पंचायत और युवा चेतना संगठन की ओर से भी करीब सवा विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान यशपाल आर्य, अनुराधा चौहान, मुख्य अध्यापक शशि कपूर, रेंज ऑफिसर जितेंद्र कुमार, प्रेम सैनी, योगेश तंवर, धर्मवीर, नरेश कुमार और नरबीर को भी सम्मानित किया गया।
अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य सत्यवीर नाहड़िया ने की। प्रदेश सरकार के एमिनेंट पर्सन विक्रम पांडे विशिष्ट अतिथि रहे। मौके पर सरपंच सरिता यादव, युवा चेतना संगठन के अध्यक्ष नरेश भारद्वाज, महासचिव प्रदीप यादव, लक्ष्मी यादव, अध्यापक शक्ति सिंह और मंजू शर्मा के कुशल संचालन में कार्यक्रम का समापन पौधारोपण के साथ हुआ।