रेवाड़ी। गांव बीकानेर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्री वोकेशनल एक्सपोजर कार्यक्रम के तहत जानकारी प्राप्त की। प्राचार्य मनोज कुमार ने बताया कि 10 दिवसीय प्री वोकेशनल एक्सपोजर कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न कौशल की सामान्य जानकारी प्रदान करना है।
प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में हर रोज एक नए कौशल की जानकारी हासिल की जो उनके के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। फूड प्रोसेसिंग स्किल के तहत दीपिका सोनी ने विद्यार्थियों को खाना बनाने की प्रक्रिया, खाना बनाते समय बरती जाने वाली सावधानियां सहित विभिन्न प्रकार के आचार बनाने की विधि से अवगत कराया। आईटी प्रभारी बबीता यादव ने विद्यार्थियों को कंप्यूटर की सामान्य जानकारी के साथ-साथ कंप्यूटर की उपयोगिता और रख रखाव की जानकारी प्रदान की। बैंकिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज के तहत बैंकिंग प्रभारी सुमित्रा देवी ने बैंक संबंधी सामान्य जानकारी और बैंकिंग कार्यप्रणाली को विस्तार से बताया।
हेल्थ केयर के तहत हेल्थ एंबेसडर विक्टोरिया यादव ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। इस कार्यक्रम में प्रभारी मुकेश कुमार सहित रविंद्र कुमार सैनी, नरेंद्र सिंह, मंजूलता, प्रिया देवी, पूनम देवी, ज्योति आदि का सहयोग रहा।