रेवाड़ी। बूढ़पुर रोड पर पेट्रोल पंप के पास दिवाली की रात सड़क हादसे में विकास नगर निवासी 12वीं के छात्र मनजीत (17) की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार हादसा दिवाली की रात उस समय हुआ, जब तीनों युवक अपने दोस्त के घर आतिशबाजी कर लौट रहे थे। इसी दौरान बूढ़पुर रोड पर पेट्रोल पंप के पास बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर में मनजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त निखिल और तनुख को हल्की चोटें आईं। बताया जा रहा है कि बाइक मनजीत चला रहा था।
पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था मनजीत
मृतक मनजीत विकास नगर का रहने वाला था। वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले मनजीत की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। हादसे की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वर्जन:
हादसे की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया। उसके बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया गया है।-राकेश कुमार, प्रभारी, सदर थाना