किसानों को जागरूक करने के लिए पहुंची टीम। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने और पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वीरवार को गांव ढोकियां में किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और पराली प्रबंधन के लाभ के बारे में जानकारी दी गई।
विभाग के उपनिदेशक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति कम होती है और उसमें मौजूद लाभकारी जीवाणु नष्ट हो जाते हैं। इससे मिट्टी के जरूरी पोषक तत्वों को भी नुकसान पहुंचता है।
वहीं, धुएं से वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ सांस संबंधी बीमारियों और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है। पराली को मिट्टी में मिलाने से नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश, सल्फर और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व वापस मिट्टी में पहुंचते हैं। इससे मिट्टी की जलधारण क्षमता और उर्वरा शक्ति में सुधार होता है।
सहायक कृषि अभियंता दिनेश शर्मा ने बताया कि विभाग किसानों को पराली प्रबंधन के लिए 1200 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दे रहा है। इसके अलावा कृषि यंत्रों की खरीद पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
विभाग के अनुसार पराली जलाने पर दो एकड़ तक पांच हजार, दो से पांच एकड़ तक 10 हजार और पांच एकड़ से अधिक क्षेत्र में पराली जलाने पर 30 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है। नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।