रेवाड़ी। पटवारी और कानूनगो ने वीरवार को जिला सचिवालय के पास धरना दिया। एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर धरने के दौरान पटवारियों ने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो यह धरना आगे भी बढ़ सकता है। जिला प्रधान बलजीत यादव व जिला सचिव रणबीर यादव ने अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों का समर्थन देने के लिए धन्यवाद किया।
पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव व रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कंवर सिंह व अन्य सामाजिक व कर्मचारी संगठनों ने नैतिक समर्थन दिया। वरिष्ठ उप प्रधान प्रवीन कुमार, नरेंद्र पटवारी, संजीत पटवारी, संजय पटवारी, नितेश पटवारी, कविता पटवारी, पवन पटवारी, शिवचरण, धीरेंद्र, मिलन, मनोज, रण सिंह गिरदावर, नरेश गिरदावर, विजय गिरदावर, मुकेश गिरदावर, सुधीर, जीत सिंह, शमशेर,चमन पटवारी, हरि सिंह पटवारी, सहित समस्त पटवारी व गिरदावर उपस्थित रहे।
जिले में 67 पटवारी और 16 कानूनगो हैं और सभी हड़ताल पर हैं। इससे रोजाना करीब दो करोड़ के राजस्व का नुकसान हो रहा है। आम दिन में रोजाना 150 के करीब रजिस्ट्री होती हैं। फिलहाल हड़ताल के कारण जमीन पैमाइश, भूमि रिकॉर्ड, रजिस्ट्री, फसलों की वेरिफिकेशन, डोमिसाइल, जाति, रिहायशी प्रमाण पत्र से संबंधित काम नहीं हो रहे हैं।
पटवारियों की मांगें
धरने पर बैठे यूनियन के सदस्यों ने कहा कि जो नया वेतनमान सरकार ने 32100 लागू किया है, यह 1 जनवरी 2016 से नोशनली व जनवरी 2023 से वास्तविक रूप से लागू किया जाए। पिछले साल मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वेतनमान बढ़ाने का जो वादा किया था उसको अमलीजामा नहीं पहनाया गया। इससे प्रदेश के पटवारी और कानूनगो में रोष है। वे सरकार से मांग करते हैं कि यूनियन की मांगों को जल्द पूरा किया जाए।