सहाबी बांध के नजदीक गांव खरखड़ा के पास टूटी हुई पाईप से निकल रहा प्रदूषित पानी। संवाद
धारूहेड़ा। सेक्टर-6 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से बनाए गए पांच एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से शोधित पानी को सहाबी नदी तक पहुंचाने के लिए डाली गई अंडरग्राउंड पाइपलाइन खरखड़ा गांव के पास सहाबी बैराज के पीछे क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते प्रदूषित पानी बह रहा है। पाइप लाइन की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीणों के अनुसार सहाबी बैराज के पीछे मिट्टी उठाने के दौरान लगी जेसीबी से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। पाइप टूटने के बाद एसटीपी का पानी लगातार खुले क्षेत्र में निकल रहा है। इससे आसपास गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है।
शनिवार को ग्रामीण विनोद, अशोक, देशराज आदि ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से पाइपलाइन की मरम्मत करवाने का अनुरोध किया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद शाम तक विभाग की ओर से निरीक्षण टीम मौके पर भेजी गई। टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद पाइपलाइन को ठीक करवाने का आश्वासन दिया।
ग्रामीण परमानंद ने बताया कि इसी पाइपलाइन में आईजी साउथ कार्यालय, खरखड़ा के पास भी टूट-फूट है। वहां से भी लगातार प्रदूषित पानी निकल रहा है। पानी में इतनी तेज दुर्गंध है कि आसपास से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग केवल निरीक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि दोनों स्थानों पर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत करवाकर प्रदूषित पानी के खुले में बहाव को रोका जाए। साथ ही पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारणों की जांच कर जिम्मेदारी भी तय की जाए।