रेवाड़ी-बावल। जिले में मंगलवार की शाम आई तेज आंधी से कई स्थानों पर पेड़, बिजली के तार और पोल टूटने से ठप हुई बिजली आपूर्ति से जनजीवन प्रभावित रहा। बावल क्षेत्र के दर्जनों गांवों में 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। बुधवार की देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी जिससे लोगों को परेशानियोें का सामना करना पड़ा।
मंगलवार की शाम तेज हवाओं से पेड़ और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने के कारण एक दर्जन से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई।
कई क्षेत्रों में 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बावल से प्राणपुरा रोड पर स्थित नागल तेजू, धरचाना, टिकला, प्राणपुरा, किशनपुरा, पनवाड़ सहित एक दर्जन से अधिक गांवों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।
नांगल शाहबाजपुर, रायपुर, धुलेड़ा और अन्य गांवों में भी लंबे समय से बिजली गुल है। तेज आंधी के कारण बड़ी संख्या में पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए, जिससे फॉल्ट ढूंढ़ने और मरम्मत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भीषण गर्मी के बीच कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। छुट्टियों में अपने रिश्तेदारों के यहां आए बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं। दुकानों में बिजली न होने से कोल्ड ड्रिंक और अन्य पेय पदार्थ ठंडे नहीं हो पा रहे हैं, जिससे दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
क्षेत्र में 24 घंटे से अधिक समय से बिजली नहीं है। बिजली आपूर्ति कब बहाल होगी, इसकी जानकारी नहीं मिल रही है। आंधी के दौरान बाल्मीकि बस्ती में टिन शेड उड़ गया था। खेड़ा रोड, नगली रोड और तिहाड़ा रोड पर कई पेड़ सड़कों के बीच गिरने से यातायात भी घंटों बाधित रहा। अस्पताल परिसर में पेड़ गिर गए। - रामसिंह नंबरदार, ग्रामीण, नांगल तेजू
-
पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बार-बार फोन करने के बावजूद कोई फोन नहीं उठा रहा। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। विभाग जल्द बिजली बहाल कर लोगों को राहत प्रदान करे। हुकम सिंह, निवासी, बावल
वर्जन:
क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। कुछ फीडरों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि कुछ स्थानों पर अधिक नुकसान होने के कारण कार्य में समय लग रहा है। शहर और अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था सामान्य करने के लिए प्रयास जारी है। आनंद, जेई, बिजली निगम