नाहड़ ब्लॉक के गांव टूमड़ा में सोमवार देर रात चुनावी रंजिश के चलते सरपंच गुट और दूसरे गुट के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। पथराव में सरपंच गुट के तीन लोग घायल हो गए। बवाल पहली बार गांव में दूसरे गोत्र के सरपंच बनने को लेकर बताया जा रहा है। सर्द मौसम और धुंध के बीच कोसली पुलिस फोर्स करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। इसके बाद हालात कुछ हद तक काबू में आ पाए।
नाहड़ ब्लॉक के गांव टूमना मेें इस बार रिटायर्ड थानेदार एवं ओबीसी प्रत्याशी चांद सिंह सरपंच ने जीत हासिल की थी। जीत की अगली रात उनके पक्ष के लोगों और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच जमकर झड़प हुई जो कुछ ही देर में मारपीट और बाद में पथराव में बदल गई।
मामले की जानकारी स्थानीय कोसली थाना पुलिस को दी गई। सूत्रों के मुताबिक गांव में इससे पहले एक ही गोत्र के सरपंच थे। इस बार दूसरे गोत्र का सरपंच बनने से बवाल हुआ है। वहीं देर शाम के बाद से ही क्षेत्र में गहरी धुंध होने से सूचना मिलने के बाद पुलिस को पहुंचने में करीब एक घंटा लगा। इस बीच पथराव में सरपंच गुट के सुरेश कुमार, मुकेश और दीपक घायल हो गए।
----------
चुनाव परिणाम के बाद तोड़ी थी आरोपी गुट ने कार
थाना सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात चुनाव परिणाम आने के बाद आरोपी गुट ने राजेश नामक एक व्यक्ति की कार भी क्षतिग्रस्त की थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत भी स्थनीय कोसली थाने में दी थी। जिसके बाद सोमवार सुबह कोसली पुलिस गांव में जांच के लिए पहुंची भी थी।
---------
मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दो गुटों के बीच झगड़ा किस बात को लेकर हुआ इसका मामला शांत होने के बाद पता लगाया जाएगा। वहीं रविवार रात कार तोड़ने के बाद पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के साथ पुलिस के सामने समझौता कर लिया था। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
-नरेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, कोसली थाना