संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा सरकार का 9 साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के करनाल जिले में स्थित दशहरा मैदान पर 2 नवंबर को राज्य स्तरीय अंत्योदय महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह होंगे।
अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे। इस कायर्यक्रम को लेकर एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह व एसडीएम कोसली जयप्रकाश ने सोमवार को मातहत अधिकारियों के साथ बैठक कर 2 नवंबर को करनाल में आयोजित होने वाले अंत्योदय सम्मेलन में भाग लेने के लिए जाने वाले लाभार्थियों की संख्या व बसों का रूट फाइनल करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय अंत्योदय सम्मेलन में भाग लेने के लिए जिले के लाभार्थी 2 नवंबर को सुबह करनाल के लिए रवाना होंगे। जिला प्रशासन की ओर से लाभार्थियों को ले जाने व वापस लाने के लिए बसों की व्यवस्था सहित अन्य प्रबंध कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में जाने वाले लाभार्थियों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आवश्यक प्रबंध कर ले। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह लाभार्थियों से योजनाओं के संबंध में सीधा संवाद करने के साथ उससे उनके जीवन में आए परिवर्तन के बारे में भी जानेंगे।