धारूहेड़ा। पंद्रह वर्ष पहले चार एकड़ पंचायत की भूमि पर एक करोड़ रुपये की लागत से बना स्टेडियम बदहाल है। देखरेख के अभाव में स्टेडियम में घास और झाड़ियां उग आई हैं।
इसके चलते तमाम युवा अब स्टेडियम की जगह सड़क पर दौड़ लगाने के लिए मजबूर हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि स्टेडियम का मैदान समतल नहीं है। स्टेडियम तक पहुंचने वाला रास्ता जर्जर हो चुका है।
पिछले एक साल में खिलाड़ियों ने अपने स्तर पर तीन बार ट्रैक्टर और रोटावेटर की मदद से मैदान की सफाई करवाई है। इसके बाद भी स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण कुछ समय बाद फिर से झाड़ियां उग आती हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि यदि स्टेडियम की नियमित देखभाल की जाए तो यह युवाओं के लिए बेहतर अभ्यास केंद्र बन सकता है। साथ ही उन्हें खेलों से जोड़कर नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी मदद मिल सकती है।
स्थानीय जेपी यादव ने प्रदेश के खेल मंत्री को पत्र लिखकर स्टेडियम की मरम्मत, नियमित सफाई और रिक्त कोच पदों पर नियुक्ति की मांग उठाई थी। उन्होंने स्टेडियम के साथ बने डंप यार्ड को भी हटाने की मांग की थी, ताकि खिलाड़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। फिर भी कोई सुधार नहीं हो पाया है।