रेवाड़ी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और तीन विधायकों की अनुपस्थिति का मामला राजनीतिक रूप से तूल पकड़ता जा रहा है। घटनाक्रम की राजनीतिक गूंज दिल्ली तक पहुंच गई है। मामला बढ़ने के बाद पार्टी नेतृत्व ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए 7 सदस्यीय स्पेशल टीम को रेवाड़ी भेजा। टीम ने जिले के 16 से अधिक स्थानों पर जाकर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से फीडबैक लिया।
स्थिति संभालने के प्रयास भी सामने आए। दो विधायकों ने बुधवार को प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता से मुलाकात कर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की। हालांकि मामला पूरी तरह शांत होता नजर नहीं आ रहा है।
टीम ने दिनभर दौरे के बाद देर शाम दिल्ली लौटकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है जिसे उच्च नेतृत्व को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर पार्टी आगे की कार्रवाई तय करेगी। सभी की नजरें जांच टीम की रिपोर्ट और पार्टी नेतृत्व के अगले कदम पर है।
30 जून को कृषि महाविद्यालय बावल में आयोजित खेत बचाओ अभियान के समापन समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे थे। इस दौरान राव इंद्रजीत सिंह, तीन भाजपा विधायक और पांच मंडल अध्यक्ष अनुपस्थित रहे थे, जिसके बाद राजनीतिक अटकलें तेज हो गई थीं।