बावल। बावल कस्बे के नजदीकी गांव साबन माजरा में मंगलवार को एक निजी स्कूल की बस में अचानक धुआं निकलने से हड़कंप मच गया। बस स्कूल से बच्चों को लेकर उनके घर छोड़ने जा रही थी। इस दौरान अचानक बस के इंजन से चिंगारी निकलने लगी और देखते ही देखते बस के अंदर धुआं भर गया।
बस में धुआं भरते ही बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थिति को भांपते हुए बच्चों को तत्काल बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बस से उठ रहे धुएं पर भी नियंत्रण किया गया। समय रहते सभी बच्चों को बस से बाहर निकाल लिए जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा और उनकी तकनीकी जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि इंजन से निकली चिंगारी और धुएं पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।