रेवाड़ी। पुलिस की कोशिश के बावजूद शहर में झपटमारी व लूट की वारदात थम नहीं रही है। स्थानीय नई अनाजमंडी से अपनी फसल बेचकर जा रहे दिव्यांग किसान से बुधवार की शाम को ब्रास मार्केट के निकट दो बदमाशों ने 64 हजार रुपये छीन लिए तथा फरार हो गए। किसान ने सेक्टर-तीन चौकी पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव फिदेड़ी निवासी कृष्ण कुमार ने कहा है कि वह बुधवार को नई अनाज मंडी में अपनी सरसों की फसल बेचने आए थे। फसल बेचने के बाद वह 64 हजार रुपये लेकर पैदल मंडी से बस स्टैंड की तरफ जा रहा था। ब्रास मार्केट के निकट पहुंचे तो दो युवकों ने उन्हें रोक लिया तथा जेब से 64 हजार रुपये छीन लिए। दिव्यांग होने के कारण वह बदमाशों का मुकाबला नहीं कर पाए। उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन कोई भी मदद के लिए नहीं आया। नकदी छीनने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। किसान ने घर पहुंचकर परिजनों को वारदात के बारे में जानकारी दी। परिजन किसान के साथ सेक्टर-तीन चौकी पहुंचे तथा पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया। फिलहाल पुलिस ने कृष्ण कुमार की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।