संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। राजकीय बालक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छह मेधावी विद्यार्थियों का फोकस-200 प्रतिभा विकास कार्यक्रम में चयन होने पर बुधवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर चयनित विद्यार्थियों संचित, व्रत, राहुल, दीप, लक्ष्यवीर और ईशांत शर्मा का फूलमालाएं पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया गया।
प्राचार्य विनोद यादव ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विद्यार्थी भविष्य में उच्च पदों पर पहुंचकर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में शिक्षाविद एवं साहित्यकार मनोज वशिष्ठ ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने बताया कि फोकस-200 जैसे प्रतिभा विकास कार्यक्रम मेधावी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रवक्ता विकास, जितेंद्र दखोरा, रश्मि शर्मा, अशोक बेरवाल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।