रेवाड़ी। प्रदेश सरकार ने हर साल की तरह इस साल भी रक्षाबंधन पर प्रदेश की महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सौगात देने का निर्णय लिया है। रक्षाबंधन को लेकर महिलाएं 27 अगस्त की दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त मध्य रात्रि तक रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
यह जानकारी उपायुक्त अभिषेक मीणा ने दी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान महिलाओं के साथ उनके 15 वर्ष तक आयु के बच्चे भी हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
निशुल्क यात्रा की सुविधा हरियाणा राज्य में स्थित किसी भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने के लिए मान्य होगी। इसमें दिल्ली और चंडीगढ़ तक की यात्राएं भी शामिल की गई हैं। सरकार की इस पहल से महिलाएं और उनके बच्चों को अपने परिवारजनों के साथ त्योहार मनाने के लिए आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।