संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। पुरानी रंजिश में रविवार की शाम कार सवार लोगों ने एक फौजी पर फायरिंग की। आरोपियों ने जवान पर कार चढ़ाने का प्रयास भी किया। बावल थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में आसरा का माजरा गांव निवासी जाट रेजिमेंट के जवान अंकुश ने बताया कि वह 1 मई को छुट्टी लेकर घर आए थे। 4 मई की शाम साढ़े 5 बजे वह दवा लेने बाइक से बावल बाजार गए थे। लौटते समय साबन चौक पर जूस पैक कराने के लिए रुके। इसी बीच बिना नंबर की कार उनके पास से निकली। शाम साढ़े छह बजे जब वह घर के लिए चले तो उसी कार चालक ने ओवरटेक किया। वह तहसील से आगे माजरा की तरफ जा चुके थे कि पीछे से कार ओवरटेक करके गई और लौटकर उनको टक्कर मार दी। उनकी बाइक गड्ढे में गिर गई और वह खेतों की तरफ भाग गए। गाड़ी में मौजूद लोगों ने पीछे से फायर किया लेकिन वह बच गए। उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अंकुश का कहना है कि एक आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिछले माह उनके भाई दिनेश को पीटा था। आरोपियों ने पिटाई के बाद वीडियो भी वायरल किया था। इस मामले में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी लेकिन बाद में ग्रामीणों ने दोनों पक्षों का समझौता करवा दिया था। आरोपियों ने धमकी दी है कि जिस तरह से उसके भाई का हाल किया है, उसी तरह उसका भी करेंगे।
वर्जन
अंकुश की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में अभी जांच चल रही है।-संजय, प्रभारी, बावल थाना