शहर के बाजार में महिलाओं पर्स चोरी की वारदात थम नहीं रही है। शहर की पंजाबी मार्केट में आई महिला का करीब 40 हजार रुपये की नकदी से भरा पर्स चोरी हो गया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पर्स ले जाते हुए एक महिला दिखाई दे रही है। गोकलगेट चौकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव आशियाकी पांचौर निवासी मनीषा ने बताया कि वह 11 फरवरी को अपनी बहन नीतू व उनकी बेटी निशा के साथ बाजार में खरीदारी के लिए आई थी। पंजाबी मार्केट में उनकी बहन नीतू व निशा एक दुकान में दुपट्टा खरीदने के लिए रुक गई। इसी दौरान उनके बैग से पर्स चोरी हो गया। पर्स में करीब 40 हजार रुपये की नकदी, आधार कार्ड व अन्य जरूरी कागजात थे। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो उसमें एक महिला बैग से पर्स चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दे रही है। महिला ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को भी दी है। पुलिस ने मनीषा की शिकायत पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी महिला की तलाश शुरू की है।