धारूहेड़ा के भिवाड़ी रोड पर बारिश के बाद सीवरेज चैंबरों से निकला प्रदूषित पानी सड़क पर भरा नजर
धारूहेड़ा। मंगलवार शाम हुई बारिश के बाद शहर की सीवरेज व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई। बुधवार तक कई स्थानों पर सीवरेज लाइन के चैंबरों से गंदा पानी निकलता रहा, जिससे मुख्य सड़कों पर जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी रही। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के भिवाड़ी रोड और रेवाड़ी रोड पर सीवरेज का दूषित पानी सड़कों पर जमा दिखाई दिया। भिवाड़ी रोड स्थित बैंकों, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने गंदा पानी भर जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई लोगों को मजबूरी में सीवरेज के पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे नाराजगी देखने को मिली। नागरिकों ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से मांग की है कि शहर की सीवरेज व्यवस्था की व्यापक जांच कर जाम पाइपलाइनों की सफाई कराई जाए।