फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: भीषण गर्मी और लू का कहर जारी

Tue, 26 May 2026 11:33 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
भीषण गर्मी में भी दोपहर के समय हनुमान मंदिर के बाहर तेज धूप में पूजा करने में जुटे भक्त। संवाद
विज्ञापन
रेवाड़ी। जिले में मंगलवार सुबह से ही तेज धूप और भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। दिनभर लू चलने से जनजीवन पर विपरीत प्रभाव पड़ा। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी।
विज्ञापन

मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज धूप को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
फिजिशियन डॉ. गौरव का कहना है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तापमान सबसे अधिक रहता है। इसलिए इस दौरान घर के अंदर रहना अधिक सुरक्षित है। बहुत जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें।उन्होंने कहा कि बाहर जाते समय हल्के रंग और ढीले सूती कपड़े पहनें। साथ ही सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढककर रखें ताकि लू और तेज धूप से बचाव हो सके।
विज्ञापन

डॉ. गौरव के अनुसार, शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। खाली पेट घर से बाहर न निकलें और लंबे समय तक तेज धूप में रहने से बचें। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। इसलिए लोगों को सतर्क रहते हुए आवश्यक सावधानियां जरूर अपनानी चाहिए।
-
29 मई तक भीषण गर्मी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 29 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव आने से 2 जून तक लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। 29 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ेगा जबकि राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 29 मई की रात से 1 जून के बीच प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान बीच-बीच में धूल भरी हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें