फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रातोंरात डाल दी सीवर लाइन, स्टेट हाइवे जाम

Fri, 11 Dec 2015 12:35 AM IST
रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
यह आम बात है कि अवैध कॉलोनी में प्रशासन की ओर से सीवर और पानी जैसी कोई सुविधा नहीं दी जाती है। आम-आदमी इन सुविधाओं को लेने के लिए दिन-रात विभागों के चक्कर काटकर रह जाता है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है लेकिन यदि आप सत्ताधारी खेमे से जुड़े हुए हैं तो आपको न तो किसी अप्रूवल की जरूरत है और न ही विभागों के चक्कर लगाने की।
विज्ञापन


सारा काम घर पर बैठे बिठाए ही हो जाएगा। यह हम नहीं बल्कि सड़क पर जाम लगाने वाले लक्ष्मी विहार कॉलोनी में सालों से रहने वालों लोग कह रहे थे। नारनौल रोड पर करीब एक घंटे तक लगाए गए जाम के दौरान कॉलोनीवासियों का कहना था कि अगर सत्तादल से आपकी पहचान है तो शहर के किसी भी कोने में भवन निर्माण करने के साथ वहां पर सीवर व पानी जैसी सुविधाओं को ले सकते हैं।

लोगों ने कहा सत्ताधारियों की है कोठी
बुधवार की रात कुछ ऐसा हुआ कि लक्ष्मी विहार में बन रहे एक भवन के लिए रातों-रात सीवर-लाइन डाल दी गई। इसके विरोध में बृहस्पतिवार सुबह कालोनीवासियों का गुस्सा फूट गया तथा उन्होंने रेवाड़ी-नारनौल मार्ग को एक घंटे तक जाम कर दिया। कॉलोनी वालों ने आरोप लगाया कि यहां पर एक मंत्री की कोठी बन रही तथा उसी के लिए पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों ने रातोंरात सीवर लाइन बिछा दी। जबकि वह वर्षों से सीवर लाइन बिछाने की मांग कर रहे हैं तथा उनकेे घरों के सामने भरे गंदे पानी से बीमारियां पनप रही हैं। उनकी कोई सुध नहीं ले रहा।
विज्ञापन


पीएचईडी एसडीओ ने माना अवैध है सीवर लाइन
जाम की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार नौरंग राय, डीएसपी सतपाल यादव समेत कई अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की लेकिन गुस्साए कॉलोनीवासी एक सुनने को तैयार नहीं थे। करीब एक घंटे बाद किसी तरह समझाने के बाद जाम खुला लेकिन लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ। इसी दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ इंद्रजीत मौके पर पहुंचे। लोगों के सामने उन्होंने स्वीकार किया कि दो दिन पहले एक्सईएन ने मौका मुआयना किया था। इसके बाद सीवर लाइन डालने के आदेश दिए गए थे। बुधवार रात को ही लाइन डाली गई है। उन्होंने यह भी माना कि लाइन गलत पड़ी है। इसे कटवा दिया जाएगा।

अवैध होने से कॉलोनी में नहीं है सीवर और पानी की व्यवस्था
रेवाड़ी-नारनौल रोड़ मार्ग पर राव गोपाल देव चौक के निकट लक्ष्मी विहार कॉलोनी बसी हुई है। कॉलोनी के अवैध होने के कारण न वहां पर सीवर है, न पानी सप्लाई। कॉलोनी वासी राजकुमार, रविंद्र्र, सुरेंद्र,राज मिस्त्री,  ईश्वर व महिला किरण सहित अनेक लोगों का कहना है कि वह कई बाद विधायक से लेकर सभी संबधित अधिकारियों से मिल चुके हैं। बावजूद इसके कॉलोनी में भरे गंदे पानी की निकासी के लिए प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलोनी में ही मंत्री की कोठी बन रही है तथा बुधवार की रात को पब्लिक हैल्थ के अधिकारियों ने वहां पर सीवर लाइन बिछा दी है।

मामले को दबाने में लगे हुए थे मौके पर पहुंचे अधिकारी
मौके पर पहुंचे अधिकारी मामले को दबाने में लगेे रहे। वहीं मौके पर दल-बल के साथ पहुंचे तहसीलदार तो पत्रकारों पर ही भड़क गए तथा मामले से अनभिज्ञता की बात बोलकर वहां से चले गए। लेकिन जैसे ही मौके पर पहुंचे पब्लिक हेल्थ के एसडीओ ने पाइप लाइन को अवैध माना तो तहसीलदार महोदय भी वापस मौके पर पहुंच गए तथा एसडीओ को एक ओर ले जाकर मंत्रणा करते रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें