कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के यहां कार्यक्रम में शामिल होते सांसद भूपेंद्र हुड्डा। संवाद
कोसली। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार में शामिल लोगों ने नगर निगमों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। सरकार निगम चुनाव कराने से इसलिये भाग रही है क्योंकि उसे अच्छे से मालूम है कि जिस प्रकार पंचायत चुनावों में जनता ने भाजपा के सिंबल पर लड़ रहे प्रत्याशियों को बड़ी संख्या में हराया, उसी प्रकार निगम चुनावों में भी भाजपा को बड़ी हार का मुंह देखना पड़ेगा। यही कारण है कि कर्नाटक के बाद एक और हार सामने देख सरकार निगम चुनाव कराने से पीछे हट रही है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि निगम चुनाव न कराने का खामियाजा सबसे ज्यादा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। दीपेन्द्र वीरवार को कोसली से भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के यहाँ आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री जनसंवाद नहीं जन-अपमान कार्यक्रम चला रहे हैं और जनसंवाद के नाम पर जनता का अपमान कर रहे हैं। जब उनमें जनता की बात सुनने का धैर्य ही नहीं है तो जनसंवाद का ढकोसला करने की क्या जरुरत है। प्रदेश में व्यापक भ्रष्टाचार हो रहा है और इसके तार मुख्यमंत्री कार्यालय तक जुड़ रहे हैं।