रेवाड़ी। जिला रेवाड़ी पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों और थाना व चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश जारी किए हैं। रेवाड़ी, बावल व कोसली में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए भी पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
विभिन्न चौराहों और भीड़ भाड़वाले स्थानों पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई हैं। पुलिस ने बम डिस्पोजल व सीआईडी टीम के साथ मिलकर आमजन की सुरक्षा को देखते हुए शहर के मुख्य स्थानों रेलवे स्टेशन, मॉल, तेल डिपो बस अड्डा के आसपास गहनता से कॉम्बिंग व सर्चिंग अभियान चलाया हुआ है। जिला रेवाड़ी पुलिस ने भीड़-भाड़ वाली जगह व बस स्टैंड पर यात्रियों को लावारिस वस्तुओं को नहीं छूने की अपील की है। यदि इन स्थानों पर कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देती है तो इसकी सूचना नजदीकी थाना या डायल 112 नंबर पर दें। जिला रेवाड़ी में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस नाके लगाए गए हैं तथा राइडर व पीसीआर की ओर से गश्त की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आमजन की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए 14 अगस्त सुबह 10 बजे से 15 अगस्त की दोपहर 1 बजे तक गुरुग्राम, दिल्ली जाने वाले भारी माल वाहक व वाणिज्य वाहनों के जाने पर रोक लगाई गई है। जिला पुलिस ने सभी भारी माल वाहक व वाणिज्य वाहन चालकों से अपील की है कि वह 15 अगस्त को दोपहर 1 बजे तक एनएच-48 का प्रयोग करके गुरुग्राम-दिल्ली की तरफ यात्रा करने से परहेज करें तथा अधिक आवश्यकता होने पर एनएच-352 का प्रयोग करें। जिला पुलिस की ओर से जयपुर से दिल्ली, गुरुग्राम जाने वाले भारी वाहनों को एनएच-48 से एनएच-352 पर डायवर्ट किया गया है। इसलिए दिल्ली एवं गुरुग्राम जाने वाले भारी वाहन एनएच-352 का प्रयोग करें या दूसरे अन्य वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें।