रेवाड़ी। लंबे इंतजार के बाद अब आखिरकार रेवाड़ी नगर परिषद सोमवार से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य शुरू करने जा रही है। इस कार्य का शुभारंभ सुबह 11 बजे चेयरपर्सन पूनम यादव करेंगी। पूरे प्रोजेक्ट के तहत 5 कराड़े रुपये खर्च किए जाएंगे, तब कहीं जाकर शहर की गंदगी को उठाया जाएगा।
तीन साल बाद शहर में नियमित टेंडर किए गए हैं। इससे पहले हर माह टेंडर बढ़ाकर काम चलाया गया तथा वर्तमान में ट्रैक्टर-ट्रॉली से कूड़ा उठान हो रहा है। हालांकि ट्रैक्टर-ट्रॉली से कलेक्शन 50-60 प्रतिशत ही हो पा रहा है, इससे शहरवासी खुश भी नहीं थे, जिससे यह महज खानापूर्ति नजर आ रहा था। नई फर्म सभी 31 वार्डों में गाड़ियां पहुंचाकर कचरा कलेक्शन करेगी। कलेक्शन, अलग-अलग करने से लेकर निस्तारण तक की जिम्मेदारी इसी फर्म की होगी।
लंबे समय से की जा रही थी मांग
रेवाड़ी नगर परिषद की ओर से दो महीने पहले ही डोर टू डोर कलेक्शन के टेंडर को मंजूरी दे दी थी। देर से सही अब नगर परिषद ने भी डोर टू डोर कलेक्शन की योजना को पूरी तरह से लागू करने के लिए विशेष इंतजाम कर दिए हैं ताकि लोगों को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
तंग गलियों से भी उठेगा कचरा
नगर परिषद की तरफ से शहर में कूड़ा उठाने के लिए 5 कराेड़ रुपये का बजट तैयार किया गया है। प्रोजेक्ट के तहत कचरा उठाने के लिए दो बड़े डंपर, 4 टिपर वाहन, 2 जेसीबी, ई-रिक्शा, हाथ रेहड़ी व 50 कूड़ेदान लगाए गए हैं। प्रोजेक्ट कुछ ऐसा है कि कूड़ेदानों को शहर के सभी वार्डों व प्रमुख स्थानों पर रख दिया जाएगा। ताकि लोग उनमें ही कचरा डालें। टिपर वाहनों के साथ ई-रिक्शा और हाथ रेहड़ियां लगाई गई हैं, जो तंग गलियों में भी आसानी से घुस जाते हैं। ये वाहन शहर की गलियों में सुबह व शाम दो समय जाएंगे और लोग इनमें अपने घरों का कूड़ा डाल सकेंगे। टिपर वाहन व कूड़ेदानों में एकत्रित हुए कचरे को जेसीबी की मदद से डंपर में डाला जाएगा और डंपर उन्हें कूड़ा निस्तारण स्थान पर डाल आएंगे। प्रयास यही है सड़कों पर कचरा न फैले जिससे गंदगी भी नहीं होगी।
-
वर्जन:
शहर में घर-घर से कूड़ा उठाने का कार्य सोमवार से शुरू हो जाएगा। सुबह 11 बजे कूड़ा कलेक्शन में लगे वाहनों को रवाना कर इस कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। इस बार कुछ ऐसे वाहनों को खरीदा गया है जो छोटी-छोटी गलियों में से कूड़ा कलेक्ट करके लेकर आएगा। ताकि लोगों को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
- पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद, रेवाड़ी