रेवाड़ी। सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा की टीम ने अवैध हथियार उपलब्ध कराने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव भांडोर निवासी संदीप के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार 23 मई को सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सचिन उर्फ चीनू निवासी गांव जाटूवास को नारनौल बाईपास फ्लाईओवर के नीचे से अवैध हथियार सहित काबू किया गया था। उसकी तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए थे।
इस मामले में थाना मॉडल टाउन रेवाड़ी में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर सचिन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के दौरान सचिन ने खुलासा किया कि उसे अवैध हथियार गांव भांडोर निवासी संदीप ने उपलब्ध कराया था। इसी आधार पर सीआईए धारूहेड़ा की टीम ने सोमवार को संदीप को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।