संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की ओर से किसी कारणवश दाखिला न ले पाने वाले विद्यार्थियों के लिए 30 सितंबर तक पोर्टल खोला गया था लेकिन आखिरी दिन पोर्टल नहीं खुलने से इच्छुक छात्र दाखिला नहीं ले पाए। आईटीआई में अभी 10 फीसदी सीट रिक्त है।
आईटीआई में सिर्फ दो ऐसे ट्रेड हैं जिनमें सभी सीट भर चुकी है। इनमें सिलाई व कढ़ाई ट्रेड में 40 सीटें हैं। सभी सीट पर दाखिले हो चुके हैं। वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट की सभी 48 सीटों पर दाखिले हुए हैं। इससे साबित होता है कि सिलाई व कढ़ाई का काफी स्कोप है। फैशन डिजाइन और रेडिमेड कपड़े के कारोबार में सिलाई, कटाई करने वालों की काफी मांग है।
आईटीआई में 30 सितंबर तक दाखिला लेने का मौका विद्यार्थियों को दिया गया था। इस दौरान वे ऑन द स्पॉट दाखिला ले सकते थे। आखिरी दिन पोर्टल नहीं चलने से दाखिला नहीं हो पाया। जिले के 9 सरकारी आईटीआई संस्थानों में अभी 10 प्रतिशत सीट रिक्त पड़ी हैं।
राजकीय महिला आईटीआई में कुछ सीट खाली हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि निदेशालय की तरफ से दोबारा से दाखिला को लेकर शेड्यूल जारी किया जा सकता है। कुछ विद्यार्थियों ने दाखिला लेने के बाद किसी कारण से अपने नाम कटवा कर किसी दूसरे शिक्षण संस्थानों में दाखिला ले लिया है। इसके बाद वह सीटें खाली हो गई है जिसे भरने के लिए ही दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई थी। प्रारंभ में संस्थान की ओर से दाखिला प्रक्रिया की गई। उसके बाद खाली सीटों पर ऑन द स्पाट दाखिला प्रक्रिया 13 अगस्त से शुरू की गई थी। इसमें विद्यार्थियों को 23 अगस्त तक खाली सीटों पर ओपन काउंसिलिंग कर मौके पर ही दाखिला करवाने का मौका दिया था। इसके बाद फिर से दाखिले की तिथि को बढ़ाकर 30 सितंबर किया गया था।
राजकीय महिला आईटीआई में दाखिले की स्थिति
ट्रेड कुल सीट दाखिले हुए रिक्त सीट
हेयर एंड स्किन केयर 48 30 18
डीएसी 24 11 13
ड्रेस मेकिंग 40 36 4
कटाई एवं सिलाई 40 40 00
इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक 24 19 5
कढ़ाई एवं सुई कार्य 20 17 3
कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट 48 48 00
इलेक्ट्रीशियन 20 16 4
वर्जन :
सोमवार को आईटीआई में दाखिले का अंतिम दिन था। आखिरी दिन पोर्टल नहीं चलने से विद्यार्थी दाखिला नहीं ले पाए। उम्मीद है कि निदेशालय से दोबारा दाखिले का शेड्यूल जारी किया जाएगा। - सुरेंद्र सिंह प्राचार्य, महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रेवाड़ी।