रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए जांच करती पुलिस टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। मंगलवार को थाना शहर, माॅडल टाउन व सदर क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से रहने वाले रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए एक विशेष सर्च अभियान चलाया गया। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर झुग्गी–झोपड़ियों, होटल, पोल्ट्री फार्म व अन्य संदिग्ध स्थानों पर संदिग्ध लोगों की जांच की गई।
पुलिस टीमों ने जांच अभियान के दौरान बाहरी श्रमिकों की जानकारी ली तथा उनके पहचान पत्र भी जांचे। अभियान के तहत पुलिस ने बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित की तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की। इसके साथ ही पुलिस ने वाहनों के कागजातों की भी जांच की।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि अनाधिकृत रूप से किसी को भी रहने की छूट नहीं है। पुलिस द्वारा बाहरी लोगों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है और आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में जो भी लोग बाहर से आकर रह रहे हैं उनकी पहचान सुनिश्चित होना अत्यंत आवश्यक है।