फोटो : 26 एसडीएम विजय कुमार यादव जांच करते। स्रोत : विभाग
कोसली। एसडीएम विजय कुमार यादव ने वीरवार को जाटूसाना और नाहड़ खंड के 18 गांवों का दौरा किया। इस दौरान दो गांव सादीपुर और आसियाकी गोरियावास में अवैध कब्जों की जानकारी मिली।
खासतौर पर गोरियावास गांव में एक व्यक्ति ने दीवार खड़ी कर आम रास्ता ही बंद कर दिया था। इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने विलेज कॉमन लैंड एक्ट के तहत संबंधित बीडीपीओ को तत्काल कब्जा हटवाने के निर्देश जारी किए।
एसडीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि यदि उपमंडल के किसी भी गांव में पंचायत की भूमि पर नाजायज कब्जा है तो वहां का पटवारी तुरंत सूचना उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि पंचायत की जमीनें गांव के आम उपयोग के लिए होती हैं, ऐसे में उनका गलत इस्तेमाल किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगा।
अपने दौरे के दौरान एसडीएम ने गांव कोसली, रतनथल, उस्मानपुर, मोहद्दीनपुर, जखाला, लाला, छव्वा, गुड़ियानी, आसावास, धनौरी सहित अन्य गांवों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत व राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उनके साथ मौजूद रहे।