बावल हल्के के गंाव बगथला, कसौली एवं बखापुर की पंचायतों ने जीएसएसएस बखापुर के प्रिंसिपल पर स्कूल के विद्यार्थियों एवं स्टॉफ के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। ब्लॉक समिति बावल के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन एवं तीन गांव की पंचायतों ने सोमवार को डीईओ धर्मबीर बल्डोदिया को ज्ञापन देने के साथ उपायुक्त एवं एसएचओ को शिकायत देकर प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इधर हरियाणा लेक्चरर एसोसिएशन भी प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चुका है। वहीं प्रिंसिपल ने लगे आरोपों को झुठलाते हुए पंचायतों द्वारा बदसलूकी करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
यह है पूरा मामला
जीएसएसएस बखापुर में पढ़ने वाले विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ की ओर से ब्लॉक समिति बावल एवं तीन गांव की पंचायतों को प्रिंसिपल द्वारा गलत आचरण करने की शिकायत दी गई थी। बगथलन के सरपंच ने बताया कि शिकायतों के बाद शनिवार को तीन गांव के सरपंच एवं ब्लॉक समिति के वाइस चेयरमैन विक्रम सिंह स्कूल में गए तथा विद्यार्थियों एव स्टाफ से इस संदर्भ में बातचीत की। जहां पर सभी ने प्रिंसिपल की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इसके बाद वह प्रिंसिपल सुरेंद्र से मिले। उन्होंने कहा कि प्रिंसिपल ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया था, तथा सभी को वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद सोमवार को कसौली के सरपंच जगदीश सिंह, शेरसिंह, अमृतसिंह, हरकिशन, एडवोकेट सुधीर यादव एवं दिनेश यादव ने वाइस चेयरमैन के नेतृत्व में डीईओ को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इसी के साथ उपायुक्त डॉ. यश गर्ग एवं एसएचओ कसौला को भी ज्ञापन की प्रति भेजकर कार्रवाई की मांग की थी।
हसला भी कर चुका है शिकायत
हसला के जिला प्रधान हरीश यादव ने बताया कि एक महीने पहले स्कूल स्टाफ की शिकायत के बाद वह स्कूल में गए थे,जहां पर सभी स्टॉफ एवं प्रिंसिपल से बातचीत की गई। वहां पर प्रिंसिपल ने आगे से दुव्र्यवहार नहीं करने की बात मानी थी। उन्होंने कहा कि हसला भी प्रिंसिपल पर कार्रवाई करने की मांग करता है।
प्रिंसिपल बोले स्कूल में आकर मुझे दी मारने की धमकी
जीएसएसएस स्कूल के प्राचार्य सुरेंद्र ने बताया कि वह पौने दस साल से इसी स्कूल में कार्यरत हैं आज तक कोई शिकायत नहीं आई हैं। कुछ लोगों की पत्नी यहां पर पढ़ाती हैं, इसलिए ये लोग यहां पर पंचायतों को साथ लेकर तीन घंटे तक स्कूल में बैठे रहे और मेरे साथ दुर्व्यवहार करने के साथ जान से मारने की धमकी दी। मैने भी डीईओ को लिखित में शिकायत दे दी है।