रेवाड़ी। राजस्थान के बहरोड़ स्थित राठ इंटरनेशनल स्कूल की बस शुक्रवार की सुबह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव खलियावास के पास कैंटर से टकरा गई। टक्कर के बाद कैंटर पलट गई। हादसे में बस में 30 बच्चे थे। किसी बच्चे को चोट नहीं आई। सभी बच्चे शैक्षणिक भ्रमण पर गुरुग्राम जा रहे थे।
हादसे में स्कूल बस का चालक सही राम और कैंटर चालक यूपी के जिला रायबरेली निवासी अनुज घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। बस चालक सही राम के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों चोटें आई हैं जिससे उनकी हालत गंभीर है। वहीं, कैंटर चालक की हालत स्थिर बताई जा रही है। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्से पर चोटें आई हैं।
स्कूल की बस शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बच्चों को लेकर शैक्षणिक भ्रमण पर गुरुग्राम के लिए निकली थी। उसमें सवार बच्चे और शिक्षक उत्साह में थे। करीब पौने नौ बजे बस जैसे ही दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव खलियावास मसानी बैराज के समीप पहुंची तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर मोड़ के पास कैंटर चल रहा था। इसी दौरान स्कूल बस अचानक कैंटर से टकरा गई। हादसे के बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने स्कूल स्टाफ की मदद से बच्चों को शांत कराया और उन्हें बस से निकाला।
हादसे में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ बच्चों को मामूली झटके लगे लेकिन सभी पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। स्कूल प्रशासन के अनुसार बस में 30 बच्चे सवार थे। बाद में बच्चों और शिक्षकों को दूसरे वाहन से गुरुग्राम के लिए रवाना किया गया।
आधे घंटे तक लगा जाम
हादसे के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर कैंटर के पलटने और बीच सड़क पर बस खड़े होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। सुबह का समय होने के कारण वाहनों की आवाजाही अधिक थी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। क्रेन की मदद से पलटे हुए कैंटर और क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे किया गया। इसके बाद यातायात को दोबारा सुचारु कराया गया।
-
वर्जन
सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। बस में सवार बच्चे पूरी तरह से सुरक्षित हैं। हादसे में घायल बस और कैंटर ड्राइवर को अस्पताल पहुंचा दिया गया था।-कश्मीर सिंह, थाना प्रभारी, धारूहेड़ा।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हुई स्कूल बस। संवाद
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हुई स्कूल बस। संवाद