रेवाड़ी। सरपंच बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ व स्वच्छ भारत स्वच्छ भारत अभियान सहित अन्य योजनाओं को सफल बनाने और गांवों के विकास में अपना हरसंभव सहयोग करें। ये विचार एडीसी डॉ प्रियंका सोनी ने शुक्रवार को बाल भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। वे यहां बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ व स्वच्छता पर आयोजित अभिविन्यास एवं संवेदीकरण कार्यक्रम में रेवाड़ी व खोल खंड के सरपंचों को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा के पानीपत से देशव्यापी 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' अभियान की शुरूआत की थी। योजना के प्रदेश में सख्ती से क्रियान्वयन के परिणाम स्वरूप रेवाड़ी सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी कन्या भ्रूण हत्या में कमी आई है और बेटियों के अनुपात में सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों मेें जागरूकता पैदा करने के लिए स्वच्छ भारत अभियान चलाया गया है ताकि ज्यादा लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सके। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे अपने घरों में शौचालयों का निर्माण करवाकर खुले में शौच जाने की प्रथा का त्याग करें ताकि रेवाड़ी भी खुले में शौचमुक्त जिले की श्रेणी में शामिल हो सके।
उन्होंने सभी सरपंचों का आह्वान किया कि वे स्वयं शौचालय बनाने तथा उनका प्रयोग करने के लिए ग्रामीणों को भी जागरूक व प्रेरित करें। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष अहलावादी, सिविल सर्जन डा. पुष्पा बिश्राई, पीई बीएस छोक्कर,
स्टेट कंसलटेंट नरेश कुमार ने भी अपने विभागों से संबंधित जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी दी।
इस मौके पर उप सिविल सर्जन डॉ. सर्जजीत थापर, डीईईओ भीम सेन गौड़, वित्तीय साक्षरता केंद्र से गजराज सिंह चौहान, कोआर्डिनेटर महेंद्रपाल, सीडीपीओ लता शर्मा, सीमा ग्रोवर उपस्थित थे।