रेवाड़ी। नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों को पूर्व चेयरपर्सन प्रत्याशी आशा जड़ोदिया, मूल निवासी संघ और पीपीआईडी पार्टी के सदस्यों ने समर्थन दिया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की मांगें जल्द पूरी करने की मांग की। आशा जड़ोदिया ने कहा कि सफाई कर्मचारी पिछले 22 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं लेकिन सरकार उनकी मांगों की ओर ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि वे अपने परिवार का पालन-पोषण बेहतर तरीके से कर सकें। आशा जड़ोदिया ने सरकार से अपील की कि कर्मचारियों की जायज मांगों को जल्द स्वीकार किया जाए, ताकि धरना समाप्त हो और शहर की सफाई व्यवस्था फिर से सुचारु हो सके। इस मौके पर बाबूलाल, ईश्वर सिंह सुठानी, प्रताप, हरि सिंह, मनमोहित सिंह, रामकिशन और प्रेम राज सहित कई सदस्य मौजूद रहे।