रेवाड़ी। शहर के नेहरू पार्क में ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति की बैठक रविवार को जिला प्रधान राजकुमार और ईश्वर सिंह बोड़वाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हिस्सा लेने का निर्णय लिया गया।
सीटू के जिला उपप्रधान रामकुमार कहा कि हरियाणा सरकार सफाई कर्मचारियों की लगातार अनदेखी कर रही है। एक ओर सरकार स्वच्छता अभियान के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर सफाई कर्मचारियों की बुनियादी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
समय पर वेतन न मिलना, वेतन में कटौती, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को ईएसआई कार्ड न मिलना और 19 से 20 वर्षों तक सेवा देने के बावजूद नियमित न किया जाना गंभीर समस्याएं हैं।
उन्होंने कहा कि बार-बार हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग उठाई जा रही है लेकिन सरकार इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।
सरकार की इस बेरुखी के विरोध में ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति ने बावल विधायक कृष्ण कुमार तथा कोसली विधायक अनिल कुमार को ज्ञापन सौंपा और 12 फरवरी को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया।
बैठक में सोनू, पवन, प्रवीण, ग्यारसा, रामराजा, कृष्ण, गुल्लू, रवि, सुरेंद्र, कृष्णा, बबली, मीना सहित अनेक सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।