रेवाड़ी। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर 12 मई को प्रदेशभर में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। तय किया गया कि 13 मई को रोहतक में राज्यस्तरीय कार्यकर्ता बैठक में आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
यूनियन की ऑनलाइन आपात राज्य कमेटी बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसकी अध्यक्षता राज्य प्रधान बसाऊराम ने की। यूनियन के नेता बसाऊराम, विनोद कुमार, संदीप कुमार, देवीराम और जोगिंदर सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर सरकार पर सफाई कर्मचारियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
नेताओं ने कहा कि सरकार ने पिछले 12 वर्षों में न तो एक सफाई कर्मचारी की स्थायी भर्ती की और न ही कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया। अब जब नगरपालिका कर्मचारी हड़ताल पर हैं तो सरकार आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी अब चुप नहीं बैठेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे।
यूनियन नेताओं ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 31 दिसंबर 2025 को 10 साल से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने और सभी लाभ देने के आदेश दिए थे लेकिन सरकार ने अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।
यूनियन ने सरकार से कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, 400 की आबादी पर एक स्थायी कर्मचारी भर्ती करने, भत्तों में बढ़ोतरी, एक्सग्रेसिया नीति लागू करने और मृतक कर्मचारियों के परिजनों को नौकरी देने की मांग की है। साथ ही दुर्घटना में मौत पर 50 लाख और सामान्य मौत पर 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई है।