स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 12 जनवरी रविवार को रेवाड़ी में रन फॉर यूथ राज्य स्तरीय कार्यक्रम एवं मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। दौड़ को मुख्यमंत्री मनोहरलाल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेेंगे। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री के ओएसडी एवं एडीजीपी ओपी सिंह ने शुक्रवार को बाल भवन रेवाड़ी में जिला प्रशासन, शहर के सामाजिक संगठनों, संस्थाओं अन्य गणमान्य लोगों की एक बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा 9 जनवरी तक गांवों में इंटर विलेज रन में एडीजीपी से लेकर डीसी व एसपी भी दौड़ लगाएंगे।
ओएसडी सिंह ने कहा कि इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले से ज्यादा से ज्यादा लोगों विशेषकर युवाओं की भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने इस कार्यक्रम बारे सोशल मीडयिा जैसे फेसबुक, व्टसएप्प, यूट्यूृब आदि पर ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस स्टेट लेवल इवेंट में भागीदारी कर सकें।
स्वामी विवेकानंद का जीवन दर्शन युवाओं के लिए प्रेरणादायी
ओपी सिंह ने कहा कि साल 1984 में सरकार ने स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस घोषित किया था। सरकार की सोच है कि स्वामी विवेकानंद का जीवन-दर्शन युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। इसी सोच के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने प्रदेश भर में जिला स्तर पर रन फार यूथ मैराथन का आयोजन कर रही है ताकि युवा दौड़ के प्रति प्रेरित हों और नशा व अन्य कुरीतियों से दूर रहें।
पंजीकरण के लिए होगी ऑनलाइन व्यवस्था
रन फॉर यूथ में भागीदारी के लिए पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए ऑनलाईन पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है, जिसके लिए वेबसाईट भी बनाई गई है। नेशनल यूथ डे डॉट इन वेबसाइट पर प्रतिभागी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
ये अधिकारी लगाएंगे दौड़
अधिकारी उपायुक्त यशेन्द्र सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय मैराथन के आयोजन को पूरे जिला में महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। जिला के सभी गांवों में युवाओं को स्वस्थ्य रहने, नशे व कुरीतियों से दूर रहने के संदेश के साथ 9 जनवरी तक इंटर विलेज दौड़ आयोजित की जा रही हैं। शनिवार को सुबह गुडियानी जीएसएसएस में एडीजीपी ओ पी सिंह, कापड़ीवास जीएसएसएस में आईजी क्राइम एंड आईआरबी हनीफ कुरैशी, साहरनवास जीएसएस में डीसी यशेंद्र सिंह, आसलवास जीएचएस में एसपी नाजनीन भसीन इंटर विलेज दौड़ में भागीदार बनेंगे।