संवाद न्यूज़ एजेंसी
रेवाड़ी। शहर में दिनदहाड़े एक दुकान में चोरी हो गई। एक व्यक्ति दुकान में घुसा और कैश बॉक्स तोड़कर 1 लाख 80 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गया। दुकान में घुसते समय चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोर की तलाश शुरू कर दी है।
नई बस्ती निवासी बजरंग गोयल की रेलवे रोड के पास जय भगवान मार्केट में बीआर ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह किसी काम से बाजार गए थे। दुकान का आधा शटर खुला था। शाम करीब पांच बजे जब वह वापस लौटे तो दुकान का कैश बॉक्स टूटा हुआ मिला। साथ ही कैश बॉक्स में रखे 1 लाख 80 हजार रुपये भी गायब मिले। बजरंग ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद गोकल गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, जिसमें एक व्यक्ति दुकान में घुसता हुआ साफ दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही बजरंग की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।